चमोली जिले में स्थित श्री हेमकुंट साहिब गुरुद्वारे के कपाट आज से श्रद्धालुओं के दर्शनों के लिए खोल दिए गए हैं। गुरुद्वारे के कपाट खुलने के बाद श्री हेमकुंट साहिब गुरुद्वारे में 12 बजकर 30 मिनट पर इस वर्ष के यात्राकाल की पहली अरदास की गई। श्री हेमकुंट साहिब में आज पहले दिन साढ़े छह हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में स्नान कर मत्था टेका।
श्री हेमकुंट साहिब ट्रस्ट के चेयरमैन श्री नरिंदर जीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि आज कपाट खुलने की प्रक्रियाओं के तहत प्रातः 9 बजे पंज प्यारों की अगुवाई में श्री गुरुग्रंथ साहिब को सचखंड से दरबार साहिब में सुशोभित किया गया। इसके बाद सुखमनी साहिब का पाठ एवं सबद कीर्तन के पश्चात श्री हेमकुंट साहिब गुरुद्वारे के कपाट आम श्रद्धालुओं के दर्शनों के लिए खोले गए। इसके बाद साल की पहली अरदास के बाद हुक्मनामा लेकर श्री हेमकुंट साहिब की यात्रा विधिवत रूप से शुरु हो गई है।
