चंपावत दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लोहाघाट स्थित अद्वैत आश्रम मायावती पहुंचे। अद्वैत आश्रम मायावती में मुख्यमंत्री ने ध्यान केंद्र और स्वामी विवेकानंद पर आधारित म्यूजियम का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोहाघाट की गोद में बसा आश्रम एक रमणीक स्थान है। मायावती आश्रम में पुण्य आत्माओं का वास है, यहां आना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि जिसकी कल्पना स्वामी विवेकानंद ने की थी, वह आश्रम आज भी भव्य और दिव्य दिखता है। यह शांति और ध्यान का केंद्र है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के सपनों का भारत आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नए भारत के रूप में पूरा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भव्य और दिव्य केदारपुरी व बद्रीनाथ धाम में मास्टर प्लान का कार्य चल रहा है।
