प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 अगस्त को हरियाणा और पंजाब का दौरा करेंगे। पीएम मोदी दोनों राज्यों में एक-एक अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। पीएम मोदी हरियाणा के फरीदाबाद में अमृता अस्पताल और उसके बाद पंजाब के मोहाली के न्यू चंडीगढ़ में होमी भाभा कैंसर अस्पताल और अनुसंधान केंद्र का उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल हरियाणा और पंजाब में दो महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थान राष्ट्र को समर्पित करेंगे। पीएम मोदी हरियाणा के फरीदाबाद में अमृता अस्पताल का उद्घाटन करेंगे व उसके बाद वह पंजाब के मोहाली में मुल्लांपुर में होमी भाभा कैंसर अस्पताल और अनुसंधान केंद्र राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
अमृता अस्पताल सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल है जिसमें दो हजार 600 बिस्तरों की व्यवस्था है। यह अस्पताल करीब छह हजार करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है। इससे फरीदाबाद और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लोगों को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
होमी भाभा कैंसर अस्पताल और अनुसंधान केंद्र में तीन सौ बिस्तरों वाला अस्पताल है। इसमें शल्य चिकित्सा, रेडियोथेरेपी, कीमोथेरेपी, इम्यूनोथेरेपी और अस्थि मज्जा प्रत्यारोपण जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं जिससे कैंसर का इलाज किया जा सकेगा। यह संस्थान 660 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया गया है।
