मुख्यमंत्री ने आज जनपद ऊधमसिंह नगर के खटीमा अंतर्गत नगला तराई में अपनी माता जी के साथ अपने खेतों में कृषि कार्यों में सहभागिता की

Uttarakhand News

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जनपद ऊधमसिंह नगर के खटीमा अंतर्गत नगला तराई में अपनी माता जी के साथ अपने खेतों में कृषि कार्यों में सहभागिता की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने खेत की जुताई और खाद डालते हुए किसानों के अथक परिश्रम, समर्पण और त्याग को बेहद निकटता से अनुभव किया।

कृषि कार्यों के दौरान मुख्यमंत्री भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि खेतों में काम करते हुए उनके जीवन के वे सरल, संघर्षपूर्ण और प्रेरणादायी दिन एक बार फिर स्मृतियों में पूरी तरह जीवंत हो उठे।

उन्होंने किसानों के प्रति गहरा सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे अन्नदाता किसान केवल देश की खाद्य सुरक्षा के मजबूत आधार स्तंभ ही नहीं हैं, बल्कि वे भारतीय संस्कृति, समृद्ध परंपराओं और ग्रामीण जीवन मूल्यों के सच्चे संवाहक भी हैं।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्र निर्माण में किसानों के अमूल्य योगदान, उनकी तपस्या और अटूट समर्पण की सराहना करते हुए समस्त अन्नदाताओं को कोटिशः नमन किया।