देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने आज लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना के अंतर्गत विभिन्न स्थलों पर चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना राष्ट्रीय स्तर की महत्त्वपूर्ण परियोजना है। बहुत से राज्यों को इससे लाभ पहुंचेगा। उन्होंने MD, UJVNL को वर्ष 2031 तक निर्माण कार्य पूर्ण किए जाने का लक्ष्य दिया। उन्होंने कहा कि कार्य समय पर पूर्ण किए जाने हेतु सभी संस्थाएं अगले 2- 3 दिन में प्लान कर अवगत कराएं। उन्होंने इसके लिए आवश्यक मशीन और मैनपावर बढ़ाए जाने पर जोर दिया।
मुख्य सचिव ने कहा कि निर्माण कार्य समय पर पूरा करने हेतु PERT चार्ट तैयार कर उसका शतप्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। परियोजना को पूर्ण किए जाने के लिए गुणवत्ता और समयबद्धता को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि परियोजना से सम्बन्धित विशेषज्ञों द्वारा सभी अनिवार्य तकनीकी परीक्षण अनिवार्य रूप से कर लिए जाएं।
उन्होंने कहा कि यह सभी संस्थानों की जिम्मेदारी है कि परियोजना का कार्य समय पर हो। उन्होंने कार्यदायी संस्था L&T और UJVNL के अधिकारियों को मौके पर रह कर अपने स्तर से दैनिक, पाक्षिक और मासिक रूप से समीक्षा किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्रीय जल आयोग द्वारा अपेक्षित सभी तकनीकी परीक्षण को शीघ्र से शीघ्र पूर्ण करा लिया जाए।
मुख्य सचिव ने अधिग्रहीत भूमि का मुआवजा वितरण कार्य शीघ्र पूर्ण करने और प्रभावित लोगों से लगातार संवाद कर मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुन्दरम, MD, UJVNL श्री ए. के. सिंह, GM,L&T श्री प्रभु कुमार एवं PM श्री विष्णु मोहन श्रीवास्तव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
