मौसम विभाग ने आज और कल कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के अधिकांश जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में कल से बारिश का सिलसिला जारी है। राजधानी देहरादून में भी बीती रात और आज दोपहर हुई तेज बारिश ने लोगों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के चलते किसानों को फसलों की कटाई में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। राज्य की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने की भी खबर है। बागेश्वर के कुंवारी में भू स्खलन होने से शंभू नदी में मलबा गिरने से झील बनने की आशंका है। जिला प्रशासन ने खतरे को देखते हुए अधिकारियों को क्षेत्र की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। इस बीच मौसम विभाग ने उत्तराखंड में 3-4 दिनों तक भारी से भारी बारिश की आशंका जताई है। सरकार ने जिला प्रशासन के साथ ही आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए है।
