उत्तराखण्ड पुलिस एप के सबसे महत्तवपूर्ण फीचर गौरा शक्ति को यदि महिलाओं की सहेली या संगिनी भी कहा जाये तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी। इसे महिलाओं के हिसाब से ही एप डेवलपर के स्तर से तैयार किया गया है। दरअसल महिलायें उनके साथ होने वाले अपराधों की शिकायत दर्ज नहीं करा पाती हैं, या फिर वे लोग थाने आने या किसी से अपनी शिकायत साझा करने में घबराते हैं ऐसे में इनके लिए उत्तराखण्ड पुलिस एप का गौरा शक्ति मददगार है। इसमें अपना पंजीकरण करने के उपरान्त किसी भी प्रकार की शिकायत को दर्ज कराया जा सकता है। शिकायत को विस्तृत ढंग से सुनने एवं उन पर आवश्यक कार्यवाही कराने हेतु महिला पुलिस अधिकारी द्वारा मदद की जायेगी। इसके अन्तर्गत महिलाओं के कानूनी अधिकारों की जानकारी भी साझा की गयी है। साथ ही सम्बन्धित जनपद की महिला पुलिस अधिकारियों के मोबाइल नम्बर भी साझा किये गये हैं, जिन पर कॉल करके महिलायें अपनी समस्यायें बता सकती हैं। महिला पुलिस अधिकारी के स्तर से उनकी समस्याओं का यथासम्भव हल निकाला जायेगा अथवा आगे की राह अवश्य बतायी जायेगी।
इसलिए आज ही डाउनलोड करें, उत्तराखण्ड पुलिस एप और इसके गौरा शक्ति में पंजीकरण जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा निरन्तर आम जनमानस से जनजागरुकता के माध्यम से उत्तराखण्ड पुलिस एप डाउनलोड किये जाने एवं गौरा शक्ति में पंजीकरण कराये जाने की अपील की जा रही है, साथ ही एप डाउनलोड करने व पंजीकरण कराये जाने में मदद भी की जा रही है।
पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग द्वारा किये गए आग्रह के क्रम में एआरटीओ कार्यालय के सभी अधिकारियों द्वारा उत्तराखण्ड पुलिस एप डाउनलोड कर महिला अधिकारियों द्वारा गौरा शक्ति में पंजीकरण किया गया है, साथ ही लाइसेंस व वाहन सम्बन्धी अन्य कार्यों हेतु आने वाले आगन्तुकों से भी उत्तराखण्ड पुलिस एप डाउनलोड किये जाने की अपील की जा रही है।
उपनिरीक्षक सशस्त्र पुलिस दमयन्ती गरोड़िया द्वारा रुद्रप्रयाग क्षेत्रान्तर्गत निवासरत स्थानीय निवासियों, दुकानदारों, कामकाजी महिलाओं को उत्तराखण्ड पुलिस एप डाउनलोड कराकर गौरा शक्ति में पंजीकरण कराया गया। थाना गुप्तकाशी क्षेत्रान्तर्गत उपनिरीक्षक राखी बिष्ट एवं पुलिस टीम द्वारा गुप्तकाशी में स्कूली बच्चों व स्थानीय जनमानस को उत्तराखण्ड पुलिस एप डाउनलोड कराकर गौरा शक्ति में पंजीकरण कराया गया।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक सोनप्रयाग राजीव उनियाल द्वारा कोतवाली सोनप्रयाग क्षेत्रान्तर्गत निवासरत स्थानीय महिलाओं को उत्तराखण्ड पुलिस एप की जानकारी देकर गौरा शक्ति में पंजीकरण किये जाने की अपील की गई। जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस आम जनमानस एवं महिलाओं की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील है।
