देहरादून l राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से. नि) ने सुशासन दिवस की श्रृंखला में आयोजित कार्यक्रम में राजभवन के 25 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने सम्मानित होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह पुरस्कार आप लोगों के अपने कार्यों के प्रति ईमानदारी और निष्ठा का परिणाम है। राज्यपाल ने कहा कि जिस लगन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ आपके द्वारा कार्य किया गया है, उसे निरंतर जारी रखें। पुरस्कृत होने के बाद सभी की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गयी है।
राज्यपाल ने कहा कि राजभवन पूरे प्रदेश का प्रतिनिधित्व करता है जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यशैली बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने कहा कि अपने कार्यों के प्रति पूरी निष्ठा व सजगता से ही राजभवन की अच्छी छवि जनता के समक्ष जायेगी। उन्होंने कहा कि आप सभी अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए उदाहरण हैं। उन्होंने इसी लगन और मेहनत से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमें अपने दिए गए दायित्वों एवं कर्तव्यों के प्रति बेहद सजग होने की जरूरत है। टीम भावना से कार्य करते हुए अपने कार्यों में गुणवत्ता और निखार लाने का प्रयास करें।
