महिला सीएलजी की गुप्तकाशी थाने पर आयोजित की गयी गोष्ठी

Uttarakhand News

महिलाओं से सम्बन्धी अपराधों पर नियंत्रण, घरेलू एवं कामकाजी महिलाओं तक पुलिस की पहुंच आसानी तक बढ़ाये जाने के उद्देश्य से आज थाना गुप्तकाशी पर थाना प्रभारी गुप्तकाशी की अध्यक्षता में महिला सामुदायिक सम्पर्क समूह (सीएलजी) सदस्यों के साथ एक गोष्ठी आयोजित की गयी। उपस्थित महिलाओं को अवगत कराया गया कि उत्तराखण्ड पुलिस महिला सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध एवं संवेदनशील है। आज राष्ट्रीय बालिका दिवस भी है, इसे केवल एक दिवस के रूप में न मनाते हुए इसके वास्तविक परिणाम भी सामने लाने हैं। इसमें महिलाओं की भूमिका भी अहम है। किसी भी प्रकार के अपराध होने के सूचना महिलाओं के द्वारा तुरन्त पुलिस को देनी चाहिए। इसीलिए तो उत्तराखण्ड सरकार एवं उत्तराखण्ड पुलिस के स्तर से वर्तमान समय में उत्तराखण्ड पुलिस ऐप के अन्तर्गत गौरा शक्ति मॉड्यूल में निरन्तर महिलाओं का पंजीकरण कराया जा रहा है। थाना प्रभारी द्वारा उपस्थित महिलाओं को अवगत कराया गया कि जनपद रुद्रप्रयाग में अबतक तकरीबन 2 हजार से अधिक महिलायेंं गौरा शक्ति मॉड्यूल के तहत पुलिस से जुड़ चुकी हैं। उनकी किसी भी प्रकार की शिकायत यदि उनके द्वारा गौरा शक्ति मॉड्यूल के अन्दर की जाती हैं तो उस पर पहला रिस्पान्स सम्बन्धित थाने की महिला पुलिस कर्मी का ही आयेगा। यदि शिकायत की प्रकृत्ति गम्भीर प्रवृत्ति की होगी तदनुसार पुलिस के स्तर से मुकदमा भी पंजीकृत किया जा सकेगा। महिलाओं की समस्या का निस्तारण हेतु जनपद के सभी थानों पर महिला हैल्प डेस्क भी गठित है, जिसकी प्रभारी उपनिरीक्षक स्तर की महिला पुलिस अधिकारी हैं तथा उनके साथ 4 महिला आरक्षियों की भी तैनाती की गयी है। महिलायें बेझिझक होकर अपनी परेशानी बता सकें इस हेतु गौरा शक्ति के अन्दर पहला रिस्पान्स किये जाने हेतु महिलाओं को ही जोड़ा गया है। इसके अतिरिक्त उपस्थित महिलाओं को अवगत कराया गया कि वे ही घर की पहली शिक्षक हैं, ऐसे में वे अपने बच्चों को भी अच्छे बुरे के प्रति आगाह कर सकती हैं। विशेषकर नई पीढ़ी नशे के गर्त में जा रही है। ऐसे में घरवालों की नजर भी बच्चों पर अवश्य रहनी चाहिए। बच्चों की मोबाइल की लत पर भी ध्यान दिये जाने की आवश्यकता है। उपस्थित सीएजी सदस्यों को साइबर अपराध, महिलाओं एवं बच्चों के प्रति होने वाले अपराध व कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गयी। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक गुप्तकाशी अजय कुमार जाटव, उप निरीक्षक प्रदीप चौहान, उप निरीक्षक राखी बिष्ट सहित सभी सीएलजी सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *