आज राष्ट्रीय प्रसारण दिवस के अवसर पर सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने आकाशवाणी और दूरदर्शन समाचार की प्रशंसा की

National News

आज राष्ट्रीय प्रसारण दिवस है। इस मौके पर दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने लोगो तक विश्वसनीय समाचार पहुचाने के लिये आकाशवाणी और दूरदर्शन समाचार की प्रशंसा की। सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डा एम मुरूगन ने कहा कि रेडियो ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभायी और देश के विकास में लगातार अहम भूमिका निभा रहा है। कार्यक्रम में प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मयंक अग्रवाल, आकाशवाणी समाचार के प्रधान महानिदेशक एन वेणुधर रेड्डी के साथ ही अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बता दें कि देश में हर वर्ष 23 जुलाई को राष्ट्रीय प्रसारण दिवस मनाया जाता है। 1927 में इसी दिन इण्डियन ब्रॉडकास्टिंग कम्पनी ने मुंबई स्टेशन से रेडियो का प्रसारण आरंभ किया था। भारत में प्रसारण की शुरूआत ब्रिटिश राज में जून 1923 में हुई जब बॉम्बे प्रेसिडेंसी रेडियो क्लब और अन्य रेडियो क्लबों ने कार्यक्रमों का प्रसारण आरम्भ किया। 23 जुलाई 1927 में हुए एक समझौते के अनुसार, प्राइवेट इण्डियन ब्रॉडकास्टिंग कम्पनी लिमिटेड को दो रेडियो स्टेशन संचालित करने की अनुमति दे दी गई। एक मार्च 1930 को सरकार ने इसका राष्ट्रीयकरण कर अपना प्रसारण शुरू किया। एक अप्रैल 1930 को दो वर्ष के लिए प्रायोगिक आधार पर भारतीय स्टेट ब्रॉडकास्टिंग सर्विस की शुरुआत की। बाद में इसे स्थायी कर दिया गया और 8 जून 1936 में उसका नाम रखा ऑल इण्डिया रेडियो। सन 1957 में ऑल इंडिया रेडियो को आकाशवाणी के नाम से पुकारा जाने लगा। आज आकाशवाणी भारत के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधीन संचालित सार्वजनिक क्षेत्र की रेडियो प्रसारण सेवा है। आज लगभग देश के हर हिस्से तक रेडियो की पहुंच है। आकाशवाणी जन जन को सूचना पहुंचाने, शिक्षा और मनोरंजन प्रदान करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। इसका लक्ष्य है – बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय। सूूचना और प्रसारण मंत्री ने राष्ट्रीय प्रसारण दिवस पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *