नव निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को संसद के केंद्रीय कक्ष में आयोजित किया जाएगा। वह भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगी। श्रीमती मुर्मू देश के शीर्ष संवैधानिक पद को धारण करने वाली पहली जनजातीय महिला होंगी। वे विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को हराकर एनडीए के उम्मीदवार के रूप में राष्ट्रपति चुनी गईं। शपथ ग्रहण समारोह को देखते हुए कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग ने केन्द्र सरकार के विभिन्न कार्यालयों को आंशिक रूप से बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। इस दौरान नए संसद भवन का निर्माण कार्य भी रोक दिया जाएगा। आदेश के अनुसार कुल तीस कार्यालयों और भवनों को सोमवार प्रातः छह बजे से खाली रखा जाएगा। यह फैसला सुरक्षा कारणों से किया गया है, जो शपथ ग्रहण समारोह संपन्न होने तक लागू रहेगा। यह सभी भवन 25 जुलाई को सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक बंद रखे जाएंगे।
