देश के कई हिस्सों में कल शाम चांद दिखने के साथ ही रमजान का पवित्र महीना आज से शुरू हो गया है । रमज़ान इस्लामिक कैलेण्डर का नवां महीना होता है और रमज़ान के 30 रोज़े पूरे होने के बाद, ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया जाता है। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने, रमज़ान का पवित्र महीना आरंभ होने पर, लोगों को बधाई दी है। उन्होंने आशा व्यक्त की, कि रमजान लोगों के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशियां लेकर आएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रमजान का पवित्र महीना शुरू होने पर शुभकामनाएं दी हैं। श्री मोदी ने एक ट्वीट संदेश में आशा व्यक्त की, कि रमजान का यह महीना लोगों को गरीबों की सेवा करने के लिए प्रेरित करेगा। माह-ए-रमजान, चांद दिखने के साथ ही, राज्यभर में मुस्लिम समुदाय के लोगों के द्वारा आज पहला रोजा रखा गया। इससे पहले रात को मस्जिदों में तरावीह कर रोजेदारों ने देश की खुशहाली की दुआ मांगी। शहर काजी, मौलाना मोहम्मद अहमद कासमी ने बताया कि चांद नजर आने के साथ, रमजान माह की शुरुआत हो गई है, वहीं , शहर इमाम ने, रोजेदारों से अकीदत के साथ रमजान मनाने की अपील की। कल देर शाम तक बाजारों में सेवई, खजूर, खजला, मीठी तिल वाली मठरी, सूखे मेवे के अलावा फलों की खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ी रही।
