हरिद्वार के जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने आज कांवड़ मेला-2023 की तैयारियों को लेकर संयुक्तरुप से कावंड़ मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। व्यू प्वाइण्ट पहुंचने पर उन्होंने हर की पैड़ी का बारीकी से जायजा लिया और पार्किंग आदि व्यवस्थाओं के सम्बन्ध में अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान पाया कि मंशादेवी मार्ग के दोनों ओर प्लास्टिक आदि का कूड़ा बिखरा पड़ा है। इस पर उन्होंने सम्बन्धित विभागों को कल ही एक संयुक्त स्वच्छता अभियान इस रूट पर चलाने के निर्देश दिये। कहीं-कहीं पर पहाड़ी से लैण्ड स्लाइड की संभावना को देखते हुये जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि सम्बन्धित विभाग से विचार-विमर्श करकें चिह्नित स्थानों के लैण्ड स्लाइड का स्थाई समाधान निकाला जाये।
