मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज टनकपुर के डॉ एपीजे अब्दुल कलाम प्रौद्योगिकी संस्थान में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने कॉलेज का निरीक्षण किया। साथ ही छात्र छात्राओं के द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। जन संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित समस्याओं को सुना और उनके निराकरण के संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार सबका साथ सबका विकास और सबका प्रयास के सिद्धांत पर कार्य करती है। इसी सिद्धांत पर कार्य करते हुए प्रधानमंत्री ने कोरोना काल में गरीब जनता को मुफ्त अनाज दिया है और इस योजना को राज्य में सितंबर माह तक बढ़ा दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर बागेश्वर रेल लाइन पर कार्य करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है और इसके सर्वे के लिए 29 करोड़ रुपए भी जारी कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा वादे के अनुसार हम यूनिफॉर्म सिविल कोड जल्द ही उत्तराखंड में लागू करेंगे। हमारी सरकार आने वाले समय में गरीब परिवारों हेतु 1 वर्ष में 3 मुफ्त सिलेंडर देने पर कार्य करेगी।
