प्रदेश में अब तक 22 लाख 62 हजार से अधिक श्रद्धालु चारधाम और हेमकुंड साहिब के दर्शन कर चुके हैं। बदरी-केदार मंदिर समिति के अनुसार बदरीनाथ में 7 लाख 60 हजार और केदारनाथ में 7 लाख 27 हजार से अधिक तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए। जबकि गंगोत्री में 3 लाख 84 हजार, यमुनोत्री में 2 लाख 94 हजार और हेमकुंड साहिब में 88 हजार से अधिक तीर्थयात्री पूजा अर्चना कर चुके हैं। इस बीच खराब स्वास्थ्य के चलते 173 तीर्थयात्रियों की मृत्यु हो चुकी है। उधर, केदानाथ में आज बारिश और खराब मौसम के चलते हेलीकॉप्टर सेवा को तीर्थयात्रियों के लिए रोक दिया गया है। साथ ही प्रशासन की ओर से खराब मौसम होने पर यात्रियों से सुरक्षित स्थानों पर ठहरने की अपील की जा रही है। इस बीच देहरादून में भी सुबह से ही हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गयी है। जिसके चलते लोगों को गर्मी से राहत पहुंची है।
